![](https://s.enavabharat.com/wp-content/uploads/2023/10/BJP--jpg.webp)
BJP announced names of two more candidates for MP elections,
भोपाल: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने रविवार को मध्य प्रदेश की गुना और विदिशा विधानसभा सीट (MP Assembly Election 2023) के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा की। इसके साथ ही सत्तारूढ़ भाजपा ने राज्य की सभी 230 विधानसभा सीट के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। राज्य में 17 नवंबर को विधानसभा चुनाव होने हैं। भाजपा ने गुना से पन्नालाल शाक्य (Pannalal Shakya )और विदिशा विधानसभा सीट से मुकेश टंडन (Mukesh Tandon) को मैदान में उतारा है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, टंडन को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का करीबी माना जाता है। शाक्य 2013 में गुना सीट से भाजपा के टिकट पर चुने गए थे। टंडन 2018 के विधानसभा चुनाव में विदिशा से कांग्रेस उम्मीदवार शशांक भार्गव से हार गए थे। कांग्रेस ने विदिशा सीट से मौजूदा विधायक भार्गव को फिर से मैदान में उतारा है। गुना में पंकज कनेरिया कांग्रेस के उम्मीदवार हैं।
भारतीय जनता पार्टी की केन्द्रीय चुनाव समिति ने मध्य प्रदेश में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव 2023 के लिए निम्नलिखित नामों पर अपनी स्वीकृति प्रदान की है। pic.twitter.com/pU8T4y5WIr
— BJP (@BJP4India) October 29, 2023
यह भी पढ़ें
मुख्यमंत्री चौहान ने 2013 का विधानसभा चुनाव विदिशा और बुधनी से लड़ा था और दोनों सीट पर जीत हासिल की थी। हालांकि, बाद में चौहान ने बुधनी विधानसभा सीट बरकरार रखने के लिए विदिशा से इस्तीफा दे दिया था।
प्रदेश भाजपा सचिव रजनीश अग्रवाल के अनुसार, चौहान ने पांच बार विदिशा लोकसभा सीट का भी प्रतिनिधित्व किया। सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी कांग्रेस दोनों ने राज्य की सभी 230 विधानसभा सीट के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। (एजेंसी)