Bharat Jodo Nyay Yatra | भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान मोदी-मोदी के नारे लगाने वालों से मिले राहुल गांधी, दिया ‘फ्लाइंग किस’- देखें Video


Bharat Jodo Nyay Yatra

Loading

कोरबा: कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) सोमवार को छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में अपनी भारत जोड़ो न्याय यात्रा (Bharat Jodo Nyay Yatra) के दौरान वाहन से उतरकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (PM Narendra Modi) के समर्थन में नारे लगाने वाले लोगों से मिले और उनसे हाथ मिलाया।

कांग्रेस ने अपने ‘एक्स’ हैंडल पर इसका वीडियो शेयर करते हुए लिखा, ”मोहब्बत में बहुत ताकत होती है। भाजपा के कार्यकर्ता भारत जोड़ो न्याय यात्रा का विरोध करने के लिए खड़े थे। लेकिन जब यात्रा वहां से गुजरी और जननायक राहुल गांधी जी उनसे मिले तो नजारा कुछ यूं बना।”

‘जय श्री राम’ और मोदी—मोदी के नारे

जब गांधी की यात्रा कोरबा से कटघोरा के रास्ते में ढोढ़ीपारा से गुजर रही थी तब सड़कों पर बड़ी संख्या में भगवा ध्वज लिए लोगों ने ‘जय श्री राम’ और मोदी—मोदी के नारे लगाने शुरू कर दिए। वीडियो में देखा जा सकता है कि इसे देखकर गांधी ने उनकी ओर हाथ हिलाया और खुली जीप से नीचे उतर गए। इसके बाद गांधी उनकी ओर बढ़े और भीड़ में से कई लोगों ने चेहरे पर मुस्कान के साथ उनसे हाथ मिलाया।

कांग्रेस नेता ने दिया ‘फ्लाइंग किस’

गांधी उनकी तरफ हाथ हिलाते हुए अपने वाहन की ओर लौटे और कांग्रेस नेता को उनकी ओर ‘फ्लाइंग किस’ करते देखा गया। गांधी की यात्रा ने आठ फरवरी को पड़ोसी राज्य उड़ीसा से छत्तीसगढ़ में प्रवेश किया था। दो दिन के विराम के बाद यात्रा 11 फरवरी को रायगढ़ जिले से फिर से शुरू हुई थी। यह रविवार को रायगढ़ और सक्ती जिलों से गुजरी। सोमवार को यात्रा कोरबा शहर से शुरू हुई। 

लूटी जा रही हैं जनता की जेबें 

इससे पहले, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर सोमवार को निशाना साधा और कहा कि देश में लोगों को रोजगार नहीं मिल रहा है तथा वे महंगाई की मार झेल रहे हैं। गांधी ने ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के दौरान छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक जनसभा को संबोधित करते हुए लोगों से जागने को कहा और आरोप लगाया कि जनता की जेबें लूटी जा रही हैं तथा उन्हें गुमराह किया जा रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘पिछड़े वर्ग, दलित और आदिवासी देश की आबादी का 74 प्रतिशत हिस्सा हैं, लेकिन इन समुदायों का एक भी व्यक्ति भारत की शीर्ष 200 कंपनियों का मालिक या प्रबंधन में शामिल नहीं है, जिन्हें ‘देश का सारा पैसा’ दिया जा रहा है।” गांधी ने कहा, ‘‘भाजपा इसे ‘हिंदू राष्ट्र’ कहती है, लेकिन देश की 74 फीसदी आबादी और आम गरीबों को कुछ नहीं मिल रहा है।” 





Source link